गीजर से जुड़े सिलिंडर में लगी आग, सामान जला
इटावा। शहर के मोहल्ला कटरा साहब खां स्थित एक घर में गत शनिवार रात को लगे गीजर से जुड़े सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने आनन फानन में प्रयास करके आग को बढ़ने नहीं दिया। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इस आग से कमरे में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
क्षेत्र के मोहल्ला कटरा साहब खां निवासी संजीव चौरसिया पुत्र जेपी चौरसिया के घर के बाथरूम में गैस सिलिंडर युक्त गीजर लगा है। इससे पानी गर्म किया जाता है। सिलिंडर के लीक होने से गत शनिवार की रात को अचानक उसमें आग लग गई। आग की लपटों ने जल्द ही कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। संजीव के घर से उठी आग की लपटों को देखकर मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। लेकिन आग बढती ही जा रही थी। किसी तरह लोगों ने आग को और आगे फैलने नहीं दिया। आनन फानन में लोगों ने इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने से कमरे में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। संजीव ने बताया कि आग गीजर में लगे सिलेंडर के लीक होने से लगी है। आग लगने से उसके कमरे में रखा सामान दरवाजा व खिड़की जल गए।