इटावा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रांतीय नेतृत्व व शिक्षा मंत्री के बीच हुई वार्ता सफल रही। इसमें शिक्षकों के संघर्ष की जीत हुई है। इसके बाद संगठन नेतृत्व ने मूल्यांकन कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया है। रविवार से सभी आंदोलित शिक्षक मूल्यांकन कार्य करेंगे।
बताया कि पुरानी पेंशन की बहाली समेत संगठन की कई अन्य मांगें रही हैं। जिसे लेकर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। शनिवार को हुई वार्ता में सरकार वित्त विहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली तैयार करने पर राजी हो गई। इसे शीघ्र ही जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा वित्त विहीन शिक्षकों को सरकार 15000 रुपये मासिक मानदेय देगी।
साथ ही पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर उच्च स्तरीय समिति का गठन होगा। चिकित्सा सेवा से जुड़ी मांग पर भी सरकार ने आश्वस्त किया है। तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण भी बगैर किसी बाधा के किया जाएगा। कोई भी तदर्थं शिक्षक किसी भी दशा में नहीं हटाया जाएगा।
आज से करेंगे मूल्यांकन, बहिष्कार समाप्त
संगठन व सरकार के बीच वार्ता के बाद लिया गया निर्णय