इटावा(ब्यूरो)। हाईवे पर भाटिया पंप के पास सोमवार सुबह एक टेंपो पलट गया। उसमें सवार पांच शिक्षामित्र घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर पीजीआई भेजा गया है।
चकरनगर क्षेत्र के शिक्षामित्र सोमवार को कचहरी पर होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे थे। उन लोगों ने वहां से एक टेंपो को रिजर्व कर लिया था।
जब टेंपो हाईवे पर इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाटिया पंप के पास पहुंचा तभी चालक टेंपो से अपना नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गया। जिससे उसमें सवार शिक्षामित्र घायल हो गए। टेंपो पलटने से चीखपुकार मच गई।
जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकला। हादसे में प्राथमिक विद्यालय सहसों के समायोजित शिक्षामित्र उदयवीर पुत्र दर्शन सिंह , प्राथमिक विद्यालय गता के राजवीर पुत्र राजेंद्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय करियावली के प्रेमचंद्र पुत्र रोशन लाल प्राथमिक विद्यालय ददरा के विपिन कुमार पुत्र सूरज पाल व कुदरैल ताखा के सत्यपाल पुत्र महताब सिंह घायल हो गए।
लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें उदयवीर को काफी चोटें आईं। उन्हें पीजीआई भेजा गया है।
धरने में शामिल होने इटावा आ रहे थे, इकदिल के पास हुआ हादसा