संवाद न्यूज एजेंसी
महेवा।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम लीटेपुर में सोमवार रात सेवानिवृत्त फौजी के घर से चोर करीब 12 लाख रुपये का सामान उड़ा ले गए। वहीं थाना क्षेत्र के ही ग्राम बम्होरा में एक किसान के ट्यूबवेल से पंपसेट इंजन चोरी हो गया। यहां से चोरी हुई सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। वहीं थानाक्षेत्र में दो जगह और चोरों ने सेंध लगाने की कोशिश की लेकिन जाग होने पर भाग निकले।
ग्राम लीटेपुर निवासी पूर्व सैनिक बृजेंद्र सिंह परिहार ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह ऊपर वाले कमरे में सो रहे थे और पत्नी रामादेवी नीचे के कमरे में थीं। रात करीब एक बजे चोर घर की छत पर चढ़े और दरवाजे का ताला काटकर नीचे आ गए। चोरों ने उनके व पत्नी के कमरों की कुंडी बाहर से बंद की और अन्य कमरों को तलाशना शुरू किया। आठ बक्सों और अलमारी का ताला तोड़ 11 हजार रुपये नगद व सोने का हार, जंजीर, मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ी व चार अंगूठी, चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। इनमें बेटी के भी जेवर थे। जिनकी कीमत करीब 12 लाख बताई। चहलकदमी सुन रामादेवी उठीं तो बाहर से दरवाजा बंद था। शोर मचाने पर चोर भाग निकले। पड़ोसियों ने आकर दरवाजा खोला। पड़ोसियों के आने से पहले ही चोर मौके से भाग निकले। पड़ोसियों ने दोनों को कमरों से बाहर निकाला। चौकी प्रभारी बराउख जगमोहन सिंह ने बताया कि पूर्व फौजी के घर हुई चोरी संदिग्ध लग रही है। बृजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि बेटी रानी देवी की शादी विनायक पुर में हुई थी। विनायक पुर में चोरी व डकैती से डरकर बेटी ने गहने रखवाए थे।
ट्यूबवेल में लगाई सेंध, दो जगह प्रयास
ग्राम बम्होरा निवासी किसान बलराम सिंह यादव के ट्यूबवेल में सेंध लगाकर पंपसेट इंजन चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये है। दोनों पीड़ितों ने महेवा चौकी में चोरी की तहरीर दी। वहीं महेवा चौकी क्षेत्र के ग्राम उझियानी के मजरा हविलिया निवासी जितेंद्र सिंह के घर में चोर देर रात करीब 12 बजे घुस गए। चोर बक्सा व बैग चुराकर ले जाने लगे तबतक आहट सुनकर परिजन उठ गए तो वह भाग निकले। चोर बक्सा व बैग बंबा में छोड़कर चले गए। जितेंद्र ने बताया कि कोई सामान चोरी नहीं हुआ। इसके बाद चोरो ने ग्राम पुरावली में चोरी का प्रयास किया। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते वह असफल रहे।