जसवंतनगर। ब्लॉक सभागार में गुरुवार को ग्लोबल सिक्योरिटी सर्विसेज के तत्वावधान में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया पहले दिन 12 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। भर्ती सोलर प्लांट में नियुक्ति के लिए कराई जा रही है जो हावड़ा-भुज कॉरिडोर क्षेत्र में स्थापित है।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच के साथ प्रारंभिक चयन किया गया। रिक्वायरमेंट अधिकारी जीतू ने बताया कि भर्ती का उद्देश्य 10वीं और 12वीं पास युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से कई सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि चयनित कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था कंपनी की ओर से निशुल्क कराई जाएगी। इसके अलावा मात्र 100 रुपये में दोनों समय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी आने-जाने का खर्च और प्रशिक्षण का पूरा व्यय भी कंपनी ही वहन करेगी। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को काफी राहत मिलेगी। चयनित युवाओं ने रोजगार मिलने पर खुशी जताई।
आयोजकों ने बताया कि आगे भी क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस तरह के भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिल सके। इस दौरान महेश प्रताप सिंह, मोनू यादव भर्ती प्रक्रिया में शामिल रहे।