इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तहसील सभागार में गुुरुवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। यहां किसानों से कहा गया कि यदि वह पात्र हैं तो सम्मान योजना के तहत फार्म जमा कर दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार चकरनगर नरेंद्र कुमार ने आदिवासियों के संरक्षण व उनके अधिकारों के बारे में बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों को केंद्र व राज्य सरकार से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसान सर्वहित बीमा योजना राज्य सरकार से संचालित है। इसमें किसी भी किसान की दुर्घटना या आकस्मिक मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है।
शिविर का संचालन करते हुए पैरा लीगल वालंटियर अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जो भी किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र हैं और उन्होंने अभी तक फार्म नहीं भरे हैं। वह किसी भी कार्य दिवस में तहसील में आकर सभी वांछित प्रपत्रों के साथ अपने फार्म जमा करा सकते हैं। उक्त शिविर में मुकेश यादव राम कुमार चौहान राम कुमार पांडे नरेंद्र चौहान एडवोकेट तथा तहसील चकरनगर की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।