अमर उजाला ब्यूरो
बकेवर।
कस्बा लखना के एक पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को छोड़ने जाते समय नहर पटरी पर महिपालपुर नंदपुरा गांव के सामने भागती हुई आ रही भैंस को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरा गई। वैन में सवार बच्चों में से दो बच्चे व वैन चालक घायल हो गए। एक बच्चे का पैर फंस गया। जिसे करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका। दोनों बच्चों के एक-एक पैर टूट गए। घायल बच्चों को परिजन सीएचसी ले गए जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वैन चालक को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कस्बा लखना स्थित गैलेक्सी पब्लिक स्कूल की एक वैन सोमवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी हो जाने के बाद स्कूली बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। वैन नहर पटरी पर महिपालपुर नंदपुरा गांव के सामने जा रही थी तभी पटरी पर अचानक एक भैंस भागती हुई आ गई। चालक वैन को नियंत्रित न कर सका और स्कूली बच्चों से भरी वैन भैंस से टकराती हुई सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। जिससे वैन के आगे के हिस्से में बैठे दो छात्रों के साथ चालक भी घायल हो गया। कक्षा एक का छात्र अर्पित निवासी फतेहपुरा गांव के एक पैर में फैक्चर हो गया। जबकि उसी कक्षा का दूसरा छात्र आशीष निवासी महासिंहपुरा गांव का पैर स्टेयरिंग व गियर बॉक्स के बीच फंस गया। आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर बच्चों को वैन से निकाला। वैन में लगभग चौदह बच्चे सवार थे। हादसा दोनों छात्रों के गांव के पास ही होने से दोनों छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कार्यवाहक एसओ नीरज शर्मा, लखना चौकी का फोर्स, यूपी-100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों व पुलिस ने वैन में फंसे बच्चे को निकालने के प्रयास में जुट गए। लखना से कटर मशीन आदि मंगवाई गई। करीब एक घंटे से अधिक समय के बाद उक्त बच्चे को सकुशल वैन से निकाला जा सका। अर्पित को माता-पिता लखना पीएचसी ले गए। जहां डॉ. अवधेश यादव ने उसका उपचार कर पैर फैक्चर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वैन में फंसे बच्चे को पुलिस व परिजन महेवा सीएचसी ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार्यवाहक एसओ ने बताया कि वैन चालक का नाम पता नहीं चल सका। वैन चालक पास के ही गांव शाला धर्मपुरा का बताया जा रहा है। स्कूल के प्रबंधक व अन्य शिक्षक भी मौके पर पहुंचे गए थे।
- स्कूली वैन पेड़ से टकराई, दो बच्चों के पैर टूटे
- नहर पटरी पर महिपालपुर नंदपुरा गांव के सामने हुआ हादसा
- स्टेयरिंग व गियर बॉक्स के बीच दबा बच्चे का पैर
- एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चों को निकाला जा सका
फोटो नंबर 11- घटनास्थल से बच्चे को ले जाते परिजन।
फोटो नंबर 12- वैन में पैर फंसने से बिलखता बच्चा।