कस्बा अहेरीपुर में दो दिन से बिजली चेकिंग अभियान चल रहा है। बिजली विभाग की टीम ने घर-घर चेकिंग कर 50 बकायेदारों के कनेक्शन काटे हैं। अवर अभियंता ने बताया कि अहेरीपुर कस्बे के उपभोक्ताओं पर 1 करोड़ 29 लाख रुपये बकाया है। इस धनराशि की वसूली की जानी है।
बिजली विभाग के जेई राजेंद्र सिंह, बिल बाबू विवेक कुमार, लाइनमैन राजू कुशवाह घर-घर जाकर कनेक्शन चेक कर रहे हैं। लोगों को तुरंत बिल उपलब्ध करा रहे हैं। चेकिंग के दौरान 50 बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। जिनमें नफीशा बेगम, शबाना बानो, मुहम्म्द इस्माइल, रूप सिंह, राजेंद्र बहादुर, रामचंद्र, रहीम वारिस, राजीव कुमार, अनिल कुमार, जगत सिंह, अनिल कुमार, राजेश कुमार, बैजनाथ, रहबुन्निशा, विनोद कुमार आदि के कनेक्शन काटे गए।
टीम ने बताया कि एक दर्जन लोगों के खिलाफ थाने में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। बिल बाबू विवेक कुमार और लाइनमैन राजू कुशवाह ने उपभोक्ताओं को बताया कि 30 जून को पोस्ट आफिस के पास बिल वसूली का कैंप लगेगा। सभी लोग अपना बिल जमा कर दें नही तो आरसी जारी कर दी जाएगी।