जलेसर। थाना सकरौली क्षेत्र के गांव महापुर में चार दिन पहले रंजिश में युवक को बुरी तरह पीटा गया। जिसको गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान आगरा में मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शव रखकर सकरौली थाने का घेराव कर दिया।
मृतक के पिता रामदास निवासी गांव महापुर ने मारपीट के मामले की रिपोर्ट 27 मार्च को दर्ज कराई थी। बताया कि 24 मार्च की रात करीब 9 बजे पुत्र संतोष घर आ रहा था। रास्ते में नरेश, पूरन, दीपक और ममता मिले। इन लोगों ने संतोष को बुरी तरह मारा-पीटा। किसी तरह छूटकर वह घर तक पहुंचा। गंभीर हालत में पहले जलेसर और बाद में आगरा ले गए।
संतोष के भाई विश्नू ने बताया कि पिटाई से भाई की आंत फट गई थी। साथ ही फेफड़ों में भी गंभीर चोट आई थी। काफी इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे आगरा में उसकी मौत हो गई।
ग्रामीण अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने और संतोष की मौत से आक्रोशित हो उठे। मंगलवार शाम को शव को लेकर थाने पर जा पहुंचे। इस दौरान थाने का घेराव कर लिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक थाने का घेराव किए रहे। इस दौरान उन्होंने दूसरे पक्ष से सांठगांठ कर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
हंगामे के मद्देनजर तीन थानों का पुलिसबल यहां बुला लिया गया। वहीं एसडीएम रामनयन सिंह, सीओ राघवेंद्र सिंह पहुंच गए। ग्रामीणों ने मुकदमा हत्या में तरमीम करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अधिकारियों ने तुरंत मुकदमे को तरमीम कराया। वहीं जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।