होटल में पर्दे के पीछे छिपा युवक। स्रोत वीडियो ग्रैब
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में रारापट्टी कट स्थित एक होटल में पुलिस और प्रशासनिक टीम की छापेमारी के बाद सामने आए वायरल वीडियो ने कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी में होटल से तीन महिलाओं को हिरासत में लिए जाने का उल्लेख है। वहीं वायरल वीडियो में एक बंद कमरे के पर्दे के पीछे व्यक्ति दिखाई देने के बावजूद पुलिस द्वारा हिरासत में न लेने को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं।
प्राथमिकी के मुताबिक, तीन सितंबर की शाम करीब 6:40 बजे पुलिस टीम ने रारापट्टी कट स्थित होटल एके रिफ्लेक्स पर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल संचालक और मालिक द्वारा महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया। कार्रवाई के दौरान एक महिला को मुचलके पर मौके से छोड़ दिया गया, जबकि अन्य महिलाओं को संबंधित टीम के सुपुर्द किया गया है।
इसी कार्रवाई के दौरान बनाए गए वीडियो में एक कमरे के पर्दे के पीछे युवक के खड़े होने का दावा सामने आया है। जबकि प्राथमिकी में ऐसी किसी युवक को हिरासत में लिए जाने अथवा उसकी भूमिका का उल्लेख नहीं है। इसको लेकर कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्राधिकारी सदर कीर्तिका सिंह ने बताया कि वीडियो के बारे में जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।