एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत नगला सीसिया निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। नगला सीसिया निवासी मृतक 35 वर्षीय सतीश के भांजे विजय ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उसके मामा कई साल से भूतेश्वर रोड पर मारहरा दरवाजा के पास स्थित एक कबाड़ के गोदाम में कार्य करते थे। 14 दिसंबर को सूचना मिली कि वह गोदाम में बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
परिजन पहुंचे और इलाज के लिए आगरा के एक अस्पताल में ले गए। रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विजय ने बताया कि आगरा में चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि मामा की मौत किसी विषाक्त पदार्थ से हुई है। जिसके चलते हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली नगर के प्रभारी डीएन मिश्रा ने बताया कि युवक की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। परिजनों द्वारा युवक की हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।