जलेसर। कोतवाली क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी युवक घर से जलेसर घरेलू सामान खरीदने गया था। जिसका शव मंगलवार रात करीब दो बजे मोहनपुर के पास खाई में मिला। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने का मुकदमा दर्ज कराया है।
बंटी सिंह निवासी ग्राम लोधीपुर ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे मेरा भाई राजकुमार सामान लेने के लिए बाइक से जलेसर बाजार गया था। शाम 8 बजे तक घर वापस नहीं पहुंचा तो हम लोगों ने तलाश किया। रात 12 बजे तलाश करते हुए मोहनपुर के पास पहुंचे तो सड़क के किनारे खाई में बाइक सहित पड़ा मिला। उठाकर देखा कि राजकुमार की मृत्यु हो चुकी थी। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत्यु हुई है। बंटी सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जा रही है।