फावड़े के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। युवक को लहूलुहान कर माैके पर छोड़ हमलावर भाग गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला रामजीत में रविवार सुबह फावड़े को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर फावड़े और लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल की हालत नाजुक होने पर उसे उपचार के लिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
विज्ञापन
गांव नगला रामजीत निवासी जितेंद्र सिंह (मास्टर) रविवार सुबह करीब 8:30 बजे फावड़ा लेकर खेत पर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही संदीप, छोटा और सचिन ने उनके हाथ में फावड़ा देखकर उस पर अपना अधिकार जताया। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
संदीप ने फावड़े से जितेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया, जबकि छोटा और सचिन ने लाठियों से मारपीट की। हमले में घायल के सिर पर गंभीर चोटें आईं तथा कान और नाक से खून बहने लगा। जितेंद्र बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन का आरोप है कि हमलावर घायल को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।