एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की बाथरूम में नहाते समय मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे मौत हो गई। परिजन ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन में चीख पुकार मच गई।
गांव लभेंटा निवासी दीपक कुमार (25) की करंट लगने से मौत हुई है। ताऊ सूरज सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे खेत से लौटने के बाद बाथरूम में नहाने के लिए घुस गया था। अंदर से कुंडी बंद करके नहा रहा था, लेकिन जब दीपक के फोन पर कॉल आई तो आवाज लगाई गई लेकिन बाथरूम के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो दरवाजा खटखटाया गया। जब दरवाजा नहीं खुला तो तोड़ा गया। तब बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इसके बाद मेडिकल कॉलेज लेकर आए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि बाथरूम में ही सबमर्सिबल लगा हुआ है, संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इसके चलाते समय करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। करंट की संभावना इस बात को लेकर भी जताई गई है कि एक हाथ जला हुआ मिला है। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव को गांव ले गए और पुलिस को जानकारी तक नहीं दी गई। प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह ने बताया कि पहले परिजन ने जानकारी दी और शव पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया, लेकिन बाद में मना कर दिया।