एटा। अर्पित के नाम से फर्रुखाबाद में एक्सरे टेक्नीशियन पद पर नौकरी कर रहा अगौनापुर का अजीत फरार है। उसकी तलाश में फर्रुखाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पहुंची और पूछताछ कर चली गई। पत्नी का कहना है कि अजीत शराब पीता है और अपनी कमाई से घर खर्च के लिए कुछ भी नहीं देता है।
अलीगंज तहसील क्षेत्र के गांव अगौनापुर निवासी अजीत दिवाकर ने 2016 में एक्सरे टेक्नीशियन के पद पर नौकरी शुरू की। इससे पहले वह आगरा रहकर पढ़ता था। घर में अब तक किसी को नहीं पता कि अजीत फर्जी तरीके से अर्पित के नाम पर नौकरी कर रहा था। फिलहाल उसकी तैनाती फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर थी। करीब चार-पांच दिन पहले वह गांव में आया था। उसके बाद चला गया। परिवार वालों को यह भी नहीं पता कि क्या मामला है और वह कहां गया हुआ है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम फर्रुखाबाद से गांव में आई। उसके परिवार वालों से पूछताछ की। अजीत के न मिलने पर लौट गई। रविवार को अजीत की पत्नी पूनम ने बताया कि शादी के आठ साल बीत चुके हैं। पति बहुत कम घर पर आता है। शराब पीता है और अपनी तनख्वाह से गुजारे के लिए खर्चा नहीं देता है। पैतृक खेती से खर्च चल रहा है। उसके दो बेटे हैं। जबकि अजीत के दो भाई हैं। बड़ा भाई अरविंद डीएलएड और छोटा अंकित डी फार्मा कर रहा है।
बेटे को फंसाया गया है
अजीत की मां मुन्नी देवी और पत्नी पूनम ने कहा कि हम लोगों को इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं थी और अभी तक पूरी बात नहीं पता। कल फर्रुखाबाद से अधिकारी आए थे। बता रहे थे कि बेटे ने फर्जी तरीके से नौकरी ली है। मुन्नी देवी ने कहा कि बेटे को फंसाया गया है। पता नहीं वह कहां है उसका फोन भी स्विचऑफ है।