सोमवार को दिनदहाड़े नगर के व्यस्ततम इलाके मंडी जवाहरगंज स्थित एक सराफ के घर में दो बदमाश घुस गए। महिला को अकेली देखकर उसे बंधक बना लिया और चार लाख के जेवरात लूटकर ले गए। इस दौरान महिला ने एक बदमाश की अंगुली भी काट ली। घटना से क्षेत्र में लोगाें में दहशत है। सूचना पर एएसपी व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
मंडी जवाहरगंज स्थित एक शोरूम के निकट सराफ दिनेश कुमार का मकान है। दोपहर 12 बजे दो बदमाश घुस आए और दिनेश की पत्नी रेखा को अकेला देखकर उन्हें बंधक बना लिया और घर में मौजूद नकदी व जेवरात जिनकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जाती है लूट ले गए। बदमाशों के भागने के लगभग 15 मिनट बाद महिला के किसी तरह हल्ला मचाने पर बाहर खड़े लोग अंदर पहुंचे और बंधी महिला के हाथ पैर खोले और घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर थाना पुलिस के अलावा काफी देर बाद एएसपी विसर्जन सिंह यादव पहुंचे और थाना प्रभारी को शीघ्र घटना के खुलासे के निर्देश दिए। पीड़ित दिनेश ने अज्ञात बदमाशाें के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कराई है।
---
पिछले कई दिनों से रैकी कर रहे थे बदमाश
जलेसर। सराफ के घर हुई लूट की घटना के संबंध में शोरूम पर काम करने वाले विजय प्रताप ने बताया कि पीड़ित महिला ने दोनों बदमाशों का जो हुलिया बताया है ऐसे दो युवक कई दिन से यहां घूमते नजर आए। बता दें कि उक्त शोरूम पर बिजली के बिल भी जमा होते हैं इसके चलते सैकड़ों लोग यहां आते जाते हैं। इसी के चलते उन युवकों को टोका नहीं था।
सीसी टीवी कैमरा भी खराब
जलेसर। बताते हैं कि सराफ के घर के निकट बने बजाज शोरूम पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वह कई दिन से खराब थे। यदि कैमरे सही होते तो लुटेरे पहचान में आ सकते थे।
---
पुलिस चौकी होगी स्थापित
जलेसर। सराफ के घर हुई लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंचे े एएसपी विर्सजन सिंह यादव को पूर्व विधायक रघुवीर सिंह यादव एवं अन्य व्यापारियों द्वारा पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी पुलिस चौकी को पुन: प्रारंभ कराने की मांग की जिस पर एएसपी ने चौकी का निरीक्षण कर क्षेत्राधिकारी पुलिस कल्यान सिंह को निर्देशित किया कि पुलिस चौकी स्थल को दुरुस्त कराकर शीघ्र इसे फिर से चालू किया जाए।
--
ऐसे दिया घटना को अंजाम
सराफ के घर पहुंचे दोनों बदमाशों ने पत्नी रेखा से कहा कि दिनेश के छोटे भाई संजू के उधारी के पैसे ले लो लेकिन रेखा ने कहा कि पैसे उन्हीं को देना तो लुटेरों ने संजू का मोबाइल नंबर मांगा। मोबाइल नंबर लिखने के लिए महिला पेंसिल लेने दूसरी मंजिल पर गई तो बदमाश भी दूसरी मंजिल पर पहुंच गए और महिला को दबोच लिया। इस पर महिला ने एक बदमाश् की अंगुली चबा ली। खून निकलते ही दूसरे ने तमंचा तान दिया और महिला के मुंह को बंद कर हाथ पैर बांध दिए और आराम से अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवरात एवं नकदी लूट ली।
पहुंचे सैकड़ों व्यापारी
घटना के बाद सैकड़ों व्यापारी सराफ के आवास पर पहुंच गए और रोष व्यक्त करते हुए पुलिस ने जल्द खुलासे की मांग की। इस मौके पर सपा नेता सोनू सराफ, ध्यानपाल सिंह यादव, नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी, शशि भारद्वाज, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, व्यापारी नेता निर्मल गुप्ता, रमेश सराफ आदि प्रमुख थे।