एटा। बीमार वृद्ध को कार से इलाज के लिए ले जाते समय हादसा हो गया। इसके बाद ग्रामीणों की ओर से पथराव कर दिया गया, इससे कार में सवार एक महिला पत्थर लगने से घायल हो गई। जब बीमार वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध के पुत्र ने पथराव करने वाले अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित गांव ससोंता दोषपुर के पास शनिवार की देर शाम कार पर ग्रामीणों की ओर से किए गए पथराव में कौशल्या देवी (30) पत्थर लगने से घायल हो गईं, इसी दौरान कार में सवार घायल कौशल्या के बीमार 65 वर्षीय पिता वीरेंद्र सिंह निवासी टिकैतपुर थाना राजा का रामपुर की मौत हो गई। वृद्ध के पुत्र छोटे लाल का आरोप है कि गांव ससोंता दोषपुर के ग्रामीणों की ओर से पथराव व हमला कर दिया गया। इसकी वजह से बहन पत्थर लगने से घायल हो गई। बीमार पिता को दवा दिलाने के लिए फर्रूखाबाद लेकर जा रहे थे इसी दौरान हमला करने और काफी समय बर्बाद होने से पिता को इलाज नहीं मिल सका, इसकी वजह से मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि हादसा करके भाग रही कार को रोकने के लिए ग्रामीणों को फोन करके सूचना दी गई थी, इसके बाद पथराव कर दिया गया, इस वारदात में महिला कौशल्या देवी घायल हुईं हैं जबकि वृद्ध की बीमारी से मौत हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।