एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र से महिला एक माह से लापता है। इसकी हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई गई है। भाई ने महिला के पति सहित सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ससुरालीजन घर छोड़कर भागे हुए हैं, पुलिस जांच में जुटी है।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव बलेसरा रेजुआ निवासी इब्राहिम ने बहन शायरा बानो निवासी गांव नाडर थाना निधौली कलां के लापता होने की रिपोर्ट लिखाई है। आशंका जताई है कि बहन की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। आरोप है कि बहन का पति निसार, सास आमना बेगम, जेठ सद्दीक व अंसार, जेठानी जमीला बेगम, देवरानी सलमा और ननद शमा निवासी बरा भौंडेला थाना अवागढ़ परेशान करते थे। निसार व्यापार करने के लिए दो लाख रुपये की मांग करता आ रहा था।
बताया कि बहन की शादी करीब 13 वर्ष पहले की थी। आरोप है कि करीब एक माह पहले हमने बहन से बात करने के लिए कॉल की तो बात नहीं कराई और बहाना बना दिया। चार दिन पहले गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने बताया कि शायरा एक माह से लापता है और ससुराल वाले भागे हुए हैं। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं, इनकी तलाश की जा रही है।