एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित गांव मितौलिया में शनिवार शाम को महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। भाई ने ससुरालीजन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला की नौ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। भाई ने दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप लगाया है।
गांव मितौलिया निवासी बृजेश कुमार की पत्नी संध्या (28) के भाई रघुवीर सिंह निवासी गांव बहादुरपुर थाना जलालाबाद जिला शाहजहांपुर ने बताया कि बहन की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी। पति और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करते आ रहे थे, जिसे पिता पूरा नहीं कर पाए। इसके चलते बहन का उत्पीड़न किया जाता था और हत्या करने की धमकी भी दी जाती थी।
आरोप है कि शनिवार को बहन के साथ मारपीट की गई और हत्या करने के बाद शव को घर पर ही फंदे पर लटकाने के बाद सभी लोग भाग गए। ग्रामीणों के माध्यम से ही सूचना मिली तब गांव आए। पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि महिला ने फंदा पर लटक कर खुदकुशी की है। भाई ने हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टिया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।