एटा। गर्मी के कारण लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से लेकर निजी नर्सिंग होम तक में मरीजों की भरमार है। बुखार से पीड़ितों के प्लेटलेट्स कम आ रहे हैं। बुधवार को एक महिला मलेरिया पॉजिटिव आई उसे मेडिसन वार्ड में भर्ती किया गया।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. अंशुल यादव ने बताया कि मेडिसन विभाग में प्रतिदिन 80 से 90 बुखार के पीड़ित पहुंच रहे हैं। इसमें से 15 से 20 मरीजों की प्रतिदिन डेंगू की जांच कराई जा रही है, लेकिन अब तक कोई पॉजिटिव नहीं आया है। प्लेटलेट्स कम आ रहे हैं, इसको लेकर डेंगू का संदिग्ध मान उनका उपचार किया जा रहा है। जबकि 25 से 30 बुखार के पीड़ितों की मलेरिया की जांच कराई जा रही है।
बुुधवार को रिजोर क्षेत्र के गांव नगला खोकल निवासी रीना मलेरिया पॉजिटिव आई। उन्हें मेडिसन विभाग में भर्ती किया गया। वहीं मेडिसन विभाग में दो अन्य बुखार के पीड़ित भर्ती किए गए। जबकि बच्चा वार्ड से एक बच्चे को हायर सेंटर रेफर किया गया। वार्ड में उल्टी दस्त व बुखार के आठ बच्चे भर्ती थे। इस वर्ष यह दूसरी महिला मलेरिया की पॉजिटिव आई है। इससे पूर्व जैथरा निवासी एक महिला मलेरिया पॉजिटिव आई थी।