एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के मैनपुरी मार्ग पर लघुशंका के लिए जा रही महिला अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। अन्य सड़क हादसों में छह लोग घायल हुए हैं।
गांव नगला बलदेव थाना जसरथपुर निवासी रविंद्र ने बताया कि वह अपनी मां फूलश्री (55) को बाइक पर लेकर ननिहाल गांव बड़ा केशव जिला फर्रुखाबाद से लौट रहा था। रास्ते में अलीगंज थाना क्षेत्र में मैनपुरी मार्ग पर स्थित मिहुता गांव के पास मां को लघुशंका लगी।
बाइक किनारे लगाकर वह मां को उतारकर पीछे देखने लगा, तब तक किसी अज्ञात वाहन ने मां को टक्कर मार दी।
वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आया, यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है।
जिला कारागार में बार्डर ओमपाल सिंह मंडी की ओर से आ रहे थे। रास्ते में बीपीएस स्कूल के सामने गाय की चपेट में आने से घायल हो गए। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में गुरवेश और शिवकुमार निवासी रिजोर, संतोष निवासी तुर्कीपुरा थाना मलावन, योगेश और लाडो देवी निवासी मुबारकपुर खड़ौआ थाना बागबाला घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।