उत्तर प्रदेश के एटा में नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान आंत कट गई और गर्भाशय को क्षति पहुंची। इसकी वजह से महिला की मौत हो गई। उसके पति ने नर्सिग होम संचालिका, ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक और एक नर्स को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऑपरेशन करीब 20 दिन पहले कराया था। इलाज के दौरान महिला की मौत हुई है।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के खेरिया खुर्द गांव का है। गांव निवासी राजकुमार ने शहर के आगरा रोड स्थित मां दुर्गा नर्सिंग होम की संचालिका सुमन यादव, डॉ. प्रशांत गुप्ता और नर्स पारुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि गर्भवती पत्नी रूपवती के पेट में दर्द हो रहा था। उसे मां दुर्गा नर्सिंग होम में दिखाया। यहां पर अल्ट्रासाउंड कराकर बच्चा पेट में ही खराब होना बताया। साथ ही गर्भपात कराने के लिए कहा।
यह भी पढ़ेंः- UP: 'हैलो! मरने जा रहा हूं...और यमुना में लगा दी छलांग' फोन कटते ही भागकर पहुंचे घरवाले; दृश्य देख निकल गई चीख
आरोप है कि नर्सिंग होम संचालिका ने डॉ. प्रशांत गुप्ता को ऑपरेशन करने के लिए बुलाया। नर्स भी ऑपरेशन कराने में शामिल रही। लेकिन, गलत ऑपरेशन कर दिया। इससे पत्नी की तबीयत बिगड़ती चली गई। इसके बाद बाहर इलाज कराने की बात कह दी। तब उसे लेकर अलीगढ़ गए। वहां अल्ट्रासांउड व जांचें की गई। तब चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आंत और गर्भाशय कट गया है।
यह भी पढ़ेंः- Etah News: सात वर्षीय मासूम को चाचा ने ही मारी थी गोली, साजिश सुनकर पुलिस के भी खड़े हो गए कान
इलाज कराने के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। तब 12 जुलाई को आगरा के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां 14 जुलाई की दोपहर 12 बजे मौत हो गई। आरोप है कि एटा के नर्सिंग होम में बरती गई लापरवाही की वजह से ही पत्नी की मौत हुई है। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि नर्सिंग होम में इलाज के दौरान लापरवाही बरतने की वजह से आंत व गर्भाशय करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।