एटा। थाना जैथरा के गांव साकीपुर में एक महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर पीटकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव शेरगंज बुढ़ेरा थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि बहन सुधा (26) का विवाह साकीपुर निवासी हरिओम सिंह के साथ वर्ष 2019 में हुआ था। उस समय सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। मगर बाद में बहनोई हरिओम, उसके बड़े भाई मनोज और उनकी पत्नी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर परेशान करने लगे। सुधा ने मना किया कि हमारे पास अतिरिक्त दहेज में देने के लिए कुछ नहीं है तो आए दिन उसको गालियां देते हुए पीटा जाने लगा।
आरोप लगाया कि सोमवार की रात में भी उसको पीटा गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर, फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। घटना की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की गई। सीओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।