शराब की दुकान का विरोध करती महिलाएं
- फोटो : amar ujala
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हाईवे से 500 मीटर दूर शराब की दुकानें शिफ्ट करने और कराने में कारोबारियों और विभागीय अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। आलम यह है कि एक ठेका तो धार्मिक स्थल के पास कानून को ताक पर रख शिफ्ट कर दिया गया। वहंीं हंगामे के बाद बाबूगंज और पीपल अड्डा इलाके की मॉडल शॉप हटा ली गई हैं। शराब की दुकानों का बाजारों और कालोनियों में हो रहे विरोध के चलते करीब 15 ठेके बंद हो जाएंगे।
आबकारी विभाग में शनिवार को शराब कारोबारियों की भीड़ दिखाई दी। ज्यादातर ठेकेदार मॉडल शॉप शिफ्ट करने को कर टेंशन में दिखाई दिए। सबसे ज्यादा परेशानी देशी शराब बेचने वाले ठेकेदारों को हो रही है। शनिवार को हाईवे के किनारे स्थित ज्यादातर शराब के ठेके और मॉडल शॉप बंद दिखाई दिए। जिन लोगों ने दुकानें शिफ्ट कर लीं, वही दुकानें खुली। रेलवे रोड पर इंद्रपुरी में नियम कानून को ताक पर रख कर एक धार्मिक स्थल के पास मॉडल शॉप शिफ्ट कर दी गई। वहीं रोडवेज बसअड्डे पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ताक पर रख हाईवे के किनारे मॉडलशॉप खुली रही। हालांकि ये मॉडल शॉप कचहरी रोड पर शिफ्ट होने जा रही है। शुक्रवार को बाबूगंज और पीपल अड्डा कालोनी के लोगों के विरोध के बाद विभाग ने दोनो शराब की दुकानें वहां से हटा लीं हैं। यही नहीं कई अन्य स्थानों पर भी शराब की दुकानाें का विरोध होने के कारण आबकारी विभाग के अधिकारियों और शराब कारोबारी टेंशन में हैं। जिला आबकारी अधिकारी आनंद प्रकाश ने कहा हर जगह शराब की दुकानों का विरोध हो रहा है। सरकारी शराब की दुकानें हैं। कम से कम 15 मॉडल शॉप बंद होंगी। ऐसे में करोड़ों रुपये राजस्व का घाटा होगा। ठेकेदार भी दुकानें शिफ्ट करने को लेकर परेशान हैं।
जिले में अब शराब बंदी को लेकर जगह जगह माहौल नजर आने लगा है। महिलाएं शराब की दुकानों को लेकर विरोध कर रहीं हैं। नगला सेड़ू में देशी शराब की दुकान की जानकारी मिलने पर गांव की महिलाएं एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गईं। महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए निमार्णाधीन दुकान की दीवारों को तोड दिया और ईंटें फेंक दी। निर्माण करा रहा युवक मौके से फरार हो गया।
दुकान का निर्माण रामनगर व नगला सेडू की ओर जाने वाले रास्ते पर किया जाना था। दुकान में देशी शराब की दुकान खोली जानी थी। गांव में शराब की दुकान बनाए जाने की जानकारी मिलने पर महिलाएं भड़क गईं और लाठी डंडे लेकर महिलाएं निर्माणाधीन दुकान की ओर दौड़ पड़ी। महिलाओं ने जमकर हंगामा काटा, निर्माण करा रहा युवक ने महिलाओं को रोकने की कोशिश की। लेकिन हंगामे के हालात देख युवक मौके से भाग गया। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। पीड़ित महिलाओं ने भाजपा की महिला नेता सीमा शाक्य को मामले की जानकारी दी। महिलाएं सीमा शाक्य के नेतृत्व में कोतवाली पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को दुकान न खुलने का भरोसा दिया।