मलावन पुलिस द्वारा पकड़ा गया शराब तस्करी का आरोपी, वहीं अवैध शराब बरामद- संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। पंजाब से ट्रक में भरकर मैनपुरी ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब को मलावन थाना पुलिस और स्वाट टीम ने पकड़ लिया। इसकी कीमत करीब 18 ला रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
थाना मलावन पुलिस को जानकारी मिली कि राजस्थान के नंबर के ट्रक में अंग्रेजी शराब भरकर मैनपुरी लाई जा रही है। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को खबर दी तो स्वॉट टीम को भी लगा दिया गया। जीटी रोड पर आसपुर चौराहे के पास ट्रक आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकवाने का प्रयास किया। इस पर चालक ट्रक को भगाने लगा। पुलिस टीम ने किसी तरह घेराबंदी करके ट्रक को कब्जे में ले लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में 175 पेटी ब्लू मूड व्हिस्की और 125 पेटी पार्टी स्पेशल डीलक्स व्हिस्की बरामद की गई। इसकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस गिरफ्त में आए युवक ने अपना नाम मुकेश कुमार मीणा पुत्र लक्ष्मी चंद्र निवासी सुरेड़ा चित्तौड़गढ़ राजस्थान बताया है। उसने बताया कि चित्तौड़गढ़ निवासी विक्की ने पटियाला से मैनपुरी के लिए शराब लोड कराई थी। शराब को सही सलामत पहुंचाने के एवज में 10 हजार रुपये बतौर इनाम देने का वादा किया गया था।
गैरप्रांतीय अंग्रेजी शराब की 300 पेटियां मलावन पुलिस व स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर बरामद की हैं। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 18 लाख रुपये हैं, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
संजय कुमार, एएसपी