एटा में कैंसर की बीमारी से ग्रसित युवक के लिए जीवन तब बोझिल बन गया, जब जीवनभर साथ निभाने का वादा करने वाली पत्नी ने भी साथ छोड़ दिया। युवक इस कदर आहत हुआ कि फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी।
एटा के थाना सकीट के गांव नगला पंची में कैंसर की बीमारी से तंग आकर युवक ने से लटककर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पूर्व ही वह जेल से छूटकर आया था। सोमवार को गांव के बाहर एक पेड़ पर अंगोछा के फंदे से उसका शव लटका मिला।
विज्ञापन
गांव नगला पंची में सोमवार सुबह गांव के बाहर राजेश (35) का शव लटका मिलने की सूचना पर लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के चाचा गीतम सिंह ने बताया कि राजेश काफी समय से कैंसर से पीड़ित था। 2019 में ग्वालियर के एक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद भी सेहत सही नहीं हुई। इसकी वजह से वह परेशान चल रहा था।
इतना ही नहीं जीवनभर साथ निभाने के वादा करने वाली पत्नी भी साथ छोड़कर चली गई। इसके कारण राजेश मानसिक रूप से भी बहुत परेशान था। बताया कि इनके दो बच्चे थे, पत्नी उनसे भी बात नहीं करने देती थी। 2021 में पत्नी ने राजेश के ऊपर बच्चों को प्रताड़ित करने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया और लगभग डेढ़ माह पूर्व ही छूटकर आया था।
विज्ञापन
इसके बाद भी पत्नी नहीं सुधरी तो वह काफी निराश रहने लगा था। परेशान होकर सोमवार सुबह गांव के बाहर ही एक पेड़ पर अंगोछे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ कृष्णमुरारी दोहरे ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।