एटा। कस्बा नयागांव के अलीगंज मार्ग पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर 25 अगस्त की रात लगभग 11 बजे कुछ लोग डीजल लेने पहुंचे। मुनीम का आरोप है कि इन लोगों ने सेल्समैन को आवाज लगाई। उसे आने में देरी हुई तो तोड़फोड़ कर फायर किया और जान लेने का प्रयास किया।
कस्बा व थाना नयागांव में अलीगंज मार्ग पर एचपी का पेट्रोल पंप है। यहां मुनीम के रूप में कार्यरत राकेश ने थाना नयागांव में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 25 अगस्त को रात लगभग 11 बजे गांव खरसुलिया निवासी वंदन, पवन और शिवजीत के साथ 4 अज्ञात लोग डीजल लेने के लिए आए। सेल्समैन को आवाज लगाई। उसके पहुंचने में देरी हुई तो गुस्सा करते हुए इन लोगों ने तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर कार्यालय का शीशा तोड़ दिया और स्टाफ के ऊपर तमंचे से फायर कर जान लेने का प्रयास किया। फायर होते ही पंप पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के कुछ लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकालकर घटना की गहनता से छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।