एटा। युवाओं को बुरी आदतों से रोकना मां-बाप पर भारी पड़ रहा है। ऐसे ही एक मामले में मां ने बेटे को सिगरेट पीने से रोका तो उसने फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। फिलहाल आगरा में उसका उपचार चल रहा है।
गांव सामंती थाना एका जिला फिरोजाबाद निवासी मिथलेश देवी ने बताया कि बेटा संदीप बृहस्पतिवार की सुबह घर से निकलकर गांव की ही किसी दुकान पर सिगरेट पी रहा था। तभी मैं उधर से गुजरी और कहा कि बेटा सिगरेट पीना अच्छी बात नहीं है। अगर इसे नहीं छोड़ोगे तो पिता से शिकायत कर दूंगी। यह कहकर जब मैं घर चली आईं तो कुछ देर बाद संदीप भी घर आ गया। अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया और अंगोछा का फंदा बनाकर पंखे के कुंदे से लटक गया।
जानकारी होते ही मां ने शोर मचाया तो परिजन व मोहल्ले के अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर संदीप को फंदे से उतारा। गाड़ी में डालकर मेडिकल कॉलेज एटा लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। वहां संदीप का उपचार चल रहा है। वहीं अभी तक उसको होश नहीं आया है।