सर्दी के दौरान कोहरे से गुजरते राहगीर
- फोटो : ETAH
एटा। बुधवार को सर्दी का सितम जोरों पर रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। 11 बजे तक सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। करीब 12 बजे के बाद धूप निकली, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। धूप निकलने के बाद भी लोग गलन महसूस करते रहे। क्रिसमस की खुशी के आगे ठंड भी कमजोर पड़ गई। सुबह से ही लोग गरम कपड़े पहनकर चर्च में आए।
बुधवार को सुबह हल्के कोहरे के साथ ठंड अपना रूप धारण किए हुए थी। बहुत ही कम संख्या में लोग सड़कों पर सुबह टहलने के लिए निकले, क्रिसमस की छुट्टी होने पर ज्यादातर लोग चर्च में दिखाई दिए। शाम को अधिकतम तापमान 17 डिग्री से लुढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से लुढ़कर 5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
अलीगंज (एटा)। कोहरे के चलते अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर डग्गामार बस व एक ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। जिसमें ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मंगलवार को दिल्ली से फर्रुखाबाद जा रही विमल ट्रैवल्स बस की भिड़ंत एसआर पेट्रोल पंप के पास कायमगंज की तरफ से ईंट लेकर आ रहे एक ट्रैक्टर से हो गई। इसमें सरोठ निवासी ट्रैक्टर चालक ओमवीर पुत्र बाबू सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं ओमवीर के बेटे सुमित ने बस चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं पुलिस बस को कोतवाली ले आई है, चालक मौके से भाग गया।