एटा/सकीट। जिले में मानसून ने दस्तक दे दी है। आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। जिले में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। जगह-जगह झमाझम बारिश हुई। इससे शहर में गली से लेकर बाजार तक जलभराव हो गया। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में सुबह 11 बजे हल्की हल्की बारिश शुरू हो गई। साढ़े ग्यारह बजे तेज बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश ने पूरे शहर में जलभराव कर दिया।
बाजार और मोहल्लों की गलियां पानी में डूब गई। पीपल अड्डा पर सड़क में गड्ढा होने के कारण वाहन फंसते नजर आए। दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हुए। स्थानीय लोगों ने गड्ढे वाले स्थान पर बांस बल्ली लगाकर लोगों को चेतावनी दी।
------------------------
नहीं हो रही नालों की सफाई
नगर पालिका परिषद में कई नाले नालियां है। इनकी नगर पालिका ने साफ-सफाई नहीं कराई है। इस कारण नाले चोक हो रहे हैं और शहर में जलभराव की समस्या खड़ी हो रही है। बारिश का मौसम आने के बाद लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
----------------------
भीग गई अगैती फसल की मक्का, किसान परेशान
सकीट क्षेत्र में मक्का की फसल बोई जाती है। यहां अगैती मक्का की फसल की कटाई हो रही है। इसके बाद किसान मक्का को धूप में सुखा रहा है। शनिवार को बारिश से कई किसानों की मक्का भीग गई। आनन-फानन पॉलिथीन से मक्का ढका गया। मक्का की फसल भीगने से किसानों को नुकसान होने की आशंका सता रही है।
बोले लोग...
नगर पालिका द्वारा नालियों की ठीक से सफाई नहीं कराने के कारण हमें खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
- अनुज गुप्ता
----------------
एक घंटे की बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों में गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं।
- विनीत कुमार
----------------
बारिश होने के बाद जलनिगम द्वारा किए गए कार्यों की गुणवत्ता की पोल खुल गई है। सड़क जगह-जगह से धंस चुकी है।
- प्रदीप कुमार
----------------
तेज बारिश के कारण शहर की गलियों में पानी भर गया। इससे आवागमन में काफी दिक्कत हुई।
- प्रशांत कुमार
------------------
नाले के ऊपर हो रहे अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर अतिक्रमण हटाकर सफाई कराई जाएगी। इसके लिए कई टीमें गठित की जाएंगी। नालों की सफाई होने के बाद जलभराव की समस्या नहीं होगी।
- मीरा गांधी, पालिकाध्यक्ष