एटा। जीटी रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के अंदर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन दिनों बरसात हो रही है। इससे गड्ढों में पानी भर गया हैं। पानी भरने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडल में एटा रोडवेज डिपो सर्वाधिक कमाई करता है। एक से 15 जुलाई तक की गई समीक्षा में तीन करोड़ के लगभग डिपो कमाई कर पहले नंबर पर रहा था। लेकिन अधिकारियों का यहां की व्यवस्थाओं की तरफ कोई ध्यान नहीं है। आलम यह है कि बस स्टैंड परिसर में बडे़-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बसों के बारे में पता करने के लिए परिसर के अंदर आने वाले लोगों को जलभराव और गड्ढों से जूझना पड़ रहा है।
रोडवेज बस स्टैंड पर दिल्ली, अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मैनपुरी, फर्रुखाबाद आदि स्थानों पर जाने के लिए करीब पांच हजार लोग रोजाना पहुंचते हैं। यात्रियों से टिकट पर सुविधाओं के नाम पर सर्विस टैक्स भी लिया जाता है। लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रहीं।
रोडवेज बस स्टैंड पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। बस स्टैंड के अंदर बरसात का पानी भरा है। बाहर गेट पर कीचड़ है। जीटी रोड पर ही खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है।
कमलेंद्र, शहबाजपुर
रोडवेज बस स्टैंड पर परिवहन निगम कोई व्यवस्था नहीं कराता है। सड़क पर खड़े होकर लोग बसों का इंतजार करते हैं। अंदर जाने पर गड्ढों और जलभराव का सामना करना पड़ता है।
जसराम, निगोई
बस स्टैंड परिसर में गड्ढे हैं, इसके लिए उच्चाधिकारियों को कई बार लिखा है। प्रस्ताव बनाकर भेजा है, इसके पास होते ही कार्य कराया जाएगा।
राजेश यादव, एआरएम