एटा। लोकसभा चुनाव में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्मिक पोस्टल बैलेट से मतदान कर रहे हैं। वैसे शनिवार को यह प्रक्रिया खत्म होनी थी। लेकिन कुछ कार्मिक व बीएलओ मतदान नहीं कर पाए। ऐसे में रविवार को उन्हें मतदान करने का अंतिम अवसर दिया गया है। यह लोग रविवार को पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं।
शहर के निधौलीकलां मार्ग पर स्थित सेंट पॉल्स सैकेंडरी स्कूल में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही वहां चारों विधानसभा के अलग- अलग बूथ बनाए गए है। वहां कार्मिक पोस्टल वैलेट से मतदान भी कर रहे हैं। शनिवार को प्रशिक्षण व मतदान का अंतिम दिन था। जहां एटा में 135, अलीगंज में 74, मारहरा में 125 व जलेसर में 131 मत पड़े। मतदान से कोई कार्मिक वंचित न रह जाए। इसके लिए प्रशासन ने रविवार तक समय बढ़ा दिया है। सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि बीएलओ सहित छूटे हुए कार्मिकों को लेकर रविवार को मतदान कराया जाएगा। वहीं जो कार्मिक प्रशिक्षण से रह गए हैं, उन्हें रविवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा।