एटा। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की नई कमेटी के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को बार सभागार में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। इसमें 951 अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि 951वां वोट ब्लैंक होने के कारण निरस्त कर दिया गया। इस तरह 950 वैध वोट पाए गए।
नई कमेटी के गठन के के लिए शुक्रवार सुबह मुख्य निर्वाचन अधिकारी चोब सिंह बघेल के नेतृत्व में सहायक निर्वाचन अधिकारी नारायन पांडेय, अवधेश शाक्य, द्विजेंद्र सिंह सिसौदिया व रविकांत मिश्रा की टीम ने मतदान प्रक्रिया को आरंभ कराया। मतदान में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अध्यक्ष, महासचिव, दो उपाध्यक्ष, दो कनिष्ठ उपाध्यक्ष, तीन संयुक्त सचिव तथा कोषाध्यक्ष के पद पर पसंदीदा प्रत्याशियों को वोट डाले। शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली।