जैथरा(एटा)। थाना क्षेत्र जैथरा के ग्राम दतौली में एक महिला ने पति की शराब की लत से तंग आकर खुदकुशी कर ली। घटना की रिपोर्ट मृतका के भाई ने लिखाई है। बताया गया है कि महिला ने फंदा लगाने से पहले 112 पर कॉल किया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले उसने जान दे दी।
नवल गुप्ता निवासी कलान शाहजहांपुर ने बताया कि बहन किरन (35) की शादी ग्राम दतौली निवासी हृदेश गुप्ता से 15 वर्ष पूर्व की थी। पति हृदेश शराब पीने का आदी था। जुआ-सट्टा भी लगाता था। इसको लेकर वह आए दिन किरन के साथ मारपीट करता था। निरंतर प्रताड़ना से तंग आकर किरन ने बृहस्पतिवार रात फंदा लगा लिया। बहन के दो बच्चे चिराग (12) एवं कशिश (10) हैं। भांजे चिराग ने एक दिन पूर्व ही पिटाई की बात मुझे बताई थी। फांसी लगाने के कुछ देर पहले 112 नंबर पुलिस को भी अपनी आपबीती सुनाई थी। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि मामला तहरीर के आधार पर दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।