श्री वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में वॉलीबाल खेलते खिलाड़ी। संवाद
एटा। सकीट रोड स्थित श्री वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में मंगलवार को मंडल स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें एटा, हाथरस, कासगंज और अलीगढ़ की टीम ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता तीन वर्ग अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में कराई गई। फाइनल में विजयी रहीं कासगंज और अलीगढ़ की टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है।
मंडल स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत और प्रधानाचार्य वेदप्रकाश बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहला मैच अंडर-14 वर्ग में एटा व कासगंज के बीच खेला गया जिसमें कासगंज की टीम ने एटा को 21-15 से हरा दिया। दूसरा मैच अंडर-17 वर्ग में एटा व कासगंज के बीच खेला गया जिसमें कासगंज ने 25-18 से एटा को हराया। तीसरा मैच अंडर-19 वर्ग में एटा व कासगंज के बीच खेला गया जिसमें कासगंज ने एटा को 25-20 हराकर जीत हासिल की।
फाइनल मैच अंडर-14 वर्ग में कासगंज ने अलीगढ़ को 15-13 हराकर जीता। अंडर-17 वर्ग में अलीगढ़ ने कासगंज को 2-1 से हराया। अंडर-19 वर्ग में कासगंज की टीम अलीगढ़ को 24-11 से हराकर विजेता रही। विजेता टीमें आजमगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इस दौरान एटा टीम प्रभारी विशांत कुलश्रेष्ठ, प्रभात ललित नोक्स, हाथरस टीम प्रभारी संतोष कुमार, जवर सिंह, अलीगढ़ टीम प्रभारी रोविल चौधरी, योगेंद्र सिंह, कासगंज टीम प्रभारी नवीन कुमार और धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका अनिल कुमार और स्कोरर की भूमिका शैलेश मिश्रा ने निभाई। इस दौरान अनूप दुबे, रामबहादुर, डोरीलाल, रूपेंद्र सिंह, राजकुमार, चमन प्रकाश, चेतराम, अंबरीश, दयानंद सिंह, चंद्रगीत यादव आदि लोग मौजूद रहे।