एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला केवल में 9 जून की चोरों ने एक फौजी के मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर गांव के ही थे। इनमें से तीन को पकड़ लिया गया है। इनसे बरामदगी भी हुई है।
यह घर सैनिक नेत्रपाल का था, उसकी पत्नी स्नोव्हाइट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि घर के सभी लोग किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। 9 जून की रात चोर लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस, सर्विलांस व जनपदीय इंटेलीजेंस की टीम ने खोजबीन करते हुए बृहस्पतिवार की देर रात तीन आरोपियों को कोतवाली नगर के शहीद पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। पहले भी कई मामलों में इनके ऊपर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। जिस दिन चोरी हुई सैनिक का परिवार बाहर गया हुआ था। जांच में कुल 7 आरोपियों के नाम सामने आए हैं। जिनमें से 3 पकड़े गए व दो फरार आरोपी इसी गांव के निवासी हैं। बाकी दो की जानकारी की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लगभग 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व 9720 रुपये बरामद किए गए हैं। यह लोग गैंग बनाकर इस प्रकार घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके ऊपर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा एसएसपी ने की।