एटा कोतवाली देहात क्षेत्र में जीटी रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास बुधवार की रात हादसा हुआ था। इसमें ग्राम पंचायत ततारपुर के प्रधान गंभीर रूप से घायल हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि अवागढ़ क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात हादसे में घायल युवक की भी मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव ततारपुर निवासी प्रधान वासुदेव (30) की मौत हुई है। भतीजे हर्षकांत ने बताया कि वासुदेव ग्राम पंचायत ततारपुर के प्रधान थे। बुधवार की रात करीब 8 बजे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एफसीआई गोदाम के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वासुदेव और इनकी बाइक पर सवार एवरन सिंह निवासी धर्मपुर थाना पिलुआ घायल हो गए। वासुदेव के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। पहले निजी चिकित्सकों को दिखाया, हालत गंभीर बताकर आगरा भेज दिया। वहां पर डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराया, रिपोर्ट देखने के बाद बचने की संभावना से इंकार कर दिया था।
बताया कि इसके बाद भी कई चिकित्सकों के पास लेकर गए, लेकिन किसी ने भी इलाज के बाद जान बचा लेने की बात नहीं कही। तब बृहस्पतिवार की सुबह एटा ले आए और यहां भी कई चिकित्सकों को दिखाया। इलाज कराते रहे, लेकिन शाम को मौत हो गई। जबकि घायल एवरन सिंह की हालत ठीक है।
वहीं थाना अवागढ़ और जिला फिरोजाबाद थाना एका क्षेत्र की चौकी सुराया के बाॅर्डर पर बृहस्पतिवार की देर शाम हादसे में राजू निवासी मोहनपुर और मनीष निवासी सहनऊआ थाना अवागढ़ घायल हुए थे। राजू ने कुछ समय बाद ही दम तोड़ दिया था। जबकि मनीष की रात में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिए हैं।