12वीं राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 100 से अधिक आबादी वाले गांव-मजरों का विद्युतीकृत किया जाएगा। 54.80 करोड़ रुपये की इस योजना में 1487 गांव-मजरों को चिह्नित कर लिया गया है।
समय-समय पर शुरू हुई विभिन्न विद्युतीकरण योजना में जनपद के सभी राजस्व गांव विद्युतीकृत हो चुके हैं।
राममनोहर लोहिया ग्रामीण विद्युतीकरण में जनपद के 50 गांव रोशन हो चुके हैं। वहीं राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 300 से अधिक आबादी वाले 520 गांव-मजरों को चिह्नित किया गया है। इनमें से दर्जनों गांवों में काम पूरा हो चुका है। बताते चलें कि जनपद की 509 ग्राम पंचायतों के विद्युतीकरण के साथ ही 500 से अधिक आबादी वाले गांव भी पहले ही संतृप्त हो चुके हैं। विद्युत विभाग के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत जनपद में अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं है।
वर्ष 2012-13 में राममनोहर लोहिया विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत चयनित जनपद के 18 गांवों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
2013-14 में राममनोहर लोहिया विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत चयनित 32 गांवों में से 23 का विद्युतीकरण प्रदेश सरकार एवं शेष नौ का विद्युतीकरण राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत किया गया था। इनमें से आठ का काम पूरा हो चुका है।
11वीं राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 300 से अधिक आबादी वाले 520 गांव-मजरे चिह्नित किए गए थे। इनमें से 70 गांवों का काम पूरा हो चुका है। शेष पर काम जारी है।
ग्राम पंचायतें, राजस्व ग्राम एवं 500 से अधिक आबादी वाले गांव-मजरे विभिन्न विद्युतीकरण योजनाओं से संतृप्त हो चुके हैं। 12वीं राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में 100 से अधिक आबादी वाले 1487 गांव-मजरों के विद्युतीकरण का लक्ष्य है। इसके लिए 54.80 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है।
- एके जैन, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल