मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा, डीएम विजय किरन आनंद, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने शुक्रवार को मंडी में मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने मतगणना स्वतंत्र, निष्पक्ष कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम करने और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात करने को कहा है। उन्होंने कहा कि मतों की मैनुअल गणना के साथ आयोग की बेवसाइट पर मतगणना को अपडेट किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने कहा कि अलीगंज, एटा, मारहरा और जलेसर विधानसभा सीटों की मतगणना सुबह आठ बजे से पोस्टर बैलेट मतों से शुरू होगी। इसके बाद ईवीएम के मत गिने जाएंगे। मतगणना स्थल मंडी परिसर में तीन कंपनी सीआईएसएफ के जवान के अलावा एसआई, इंस्पेक्टर, कांस्टेबल समेत 800 पुलिस कर्मी तैनात होंगे। डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों को आयोग के नियमानुसार काम करने की हिदायत दी है।
मतगणना में किसी का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं होगा। मतगणना केंद्र में प्रवेश सिर्फ पास पर ही मिलेगा। मतगणना के दौरान स्ट्रांग रूम खोलने, मशीन ले जाने, मशीन खोलने, मतगणना के बाद सील करने, स्ट्रांग रूम तक ले जाने, स्ट्रांग रूम में रखने, मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।