एटा। जिले में विद्युत टीम के साथ उपभोक्ताओं द्वारा मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही है। बुधवार को शिवसिंहपुर में चेकिंग करने गई टीम के साथ उपभोक्ता द्वारा मारपीट कर दी गई। साथ ही सरकारी अभिलेख भी फाड़ दिए। इस पर अवर अभियंता ने पांच आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
ठंडी सड़क पर बने विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अर्जुन कुमार ने बताया कि बुधवार को वह उच्चाधिकारियों के आदेश पर लाइनमैन नवी आलम, संविदा कर्मी लोकेंद्र यादव, सतीश, नीरज, विजय, प्रवीन के साथ गंजडुंडवारा मार्ग पर शिवसिंहपुर में चेकिंग करने गए थे। जहां एक उपभोक्ता का पांच दिन पूर्व बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया था। वह उसे दोबारा जोड़कर बिजली चोरी कर रहा था। जब उससे मना किया तो उसने ऐसे ही बिजली चोरी करने की बात कही।
इस पर उन्होंने लाइनमैन विजय सिंह को कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। इस पर उपभोक्ता का परिवार लाठी व डंडों सहित बाहर निकल आया और कर्मचारियों के साथ मारपीट कर सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। वहीं विजय सिंह के हाथ व पैरों में डंडे मारे, जिससे उसे गंभीर चोट आई हैं। अवर अभियंता अर्जुन कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी उमाशंकर पुत्र रामेश्वर, कप्तान सिंह और प्रवीन कुमार पुत्र उमाशंकर, सियाप्यारी पत्नी उमाशंकर और विनीता व रिंकी पुत्री उमाशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।