अवागढ़ में मंगलवार को स्कूल बस पलटने के बाद बुधवार को परिवहन विभाग के अधिकारी दौड़ लगाते नजर आए। एआरटीओ ने अवागढ़ और मलावन में चेकिंग अभियान चलाकर चार वाहनों को सीज किया। साथ ही एक वाहन का चालान काटा और एक वाहन को नोटिस थमाया गया।
एआरटीओ आरसी भारती ने बताया कि अवागढ़ के सीपीएस इंटरनेशनल स्कूल की मैजिक और बस बिना परमिट और अमानकों के साथ दौड़ रही थीं। जिस पर दोनों वाहनों को अवागढ़ थाने में सीज किया गया। वहीं अवागढ़ पब्लिक स्कूल की बस बिना परमिट के दौड़ती मिली। इसी स्कूल की गाड़ी को अधूरे मानकों के साथ दौड़ते पाया गया। जिस पर बस को अवागढ़ थाने में सीज किया गया और गाड़ी का चालान काटा गया। इसके साथ ही अवागढ़ के सूर्योदय पब्लिक स्कूल की गाड़ी को अमानक के साथ दौड़ने पर नोटिस दिया गया। मलावन थाना क्षेत्र में लभेटा में अनाधिकृत रूप से मैजिक वाहन बच्चों को स्कूल से लाते समय पकड़ा गया। वाहन पर स्कूल का नाम नहीं था। जब चेकिंग की गई तो चालक के पास न तो परमिट था और न ही ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन में 34 बच्चे सवार थे। जानकारी पर पता चला कि वाहन कुंवर सूरजपाल सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल का है। जिसकी मान्यता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। एआरटीओ ने वाहन को मलावन थाने में सीज कराया है। उन्होंने बताया कि अमानक दौड़ते स्कूल वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान जारी रहेगा।