एटा। जिला मुख्यालय पर स्थित रेलवे स्टेशन से एक मात्र ट्रेन का संचालन हो रहा है, लेकिन इस गाड़ी से लोग इस भीषण गर्मी में भी भारी संख्या में यात्रा कर रहे हैं। एटा से आगरा तक चलने वाली फोर्ट पैसेंजर ट्रेन भरकर चल रही है। यहां से यात्री आगरा तक पहुंचते हैं और उसके बाद वहां से वैष्णो देवी और जयपुर जाने के लिए सबसे अधिक बुकिंग कराई जा रही हैं।एसटीबीए राजेश कुमार ने बताया कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर से यात्रा कर रहे हैं। जिसका प्रमुख कारण है कि रोडवेज बस में एक आदमी की टिकट आगरा तक 124 रुपये हैं। वहीं रेल में मात्र 25 रुपये में एक व्यक्ति आसानी से आगरा पहुंच जाता है। आरक्षित टिकट की बात करें तो यहां से सबसे ज्यादा लोग आगरा के अलावा जयपुर श्रीखाटू श्याम, मां वैष्णो धाम जम्मू, उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश व अन्य स्थानों पर घूमने जाते हैं। हांलाकि यहां से टिकट कराने के बाद मथुरा जाकर गाड़ी पकड़ते हैं, जिस वजह से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
बस का किराया महंगा है और लंबी यात्रा के लिए कई जगह गाड़ी बदलनी पड़ती है। कई प्रकार की समस्याएं भी होती हैं। ट्रेन का सफर बेहद ही आरामदायक होता है। छोटे-छोटे बच्चों व महिलाओं के साथ कहीं जाएं तो ट्रेन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती।
अश्वनी दीक्षित, बाबूगंज
ट्रेन से यात्रा करने पर काफी लाभ होता है। किसी प्रकार की अन्य समस्या होने पर बाहर नहीं जाना पड़ता है। इसके अलावा बार-बार बस भी नहीं बदलनी पड़ती है। जिसकी वजह से लंबा सफर भी आसानी के साथ कट जाता है।
कल्पना शर्मा, ठंडी सड़क
-
फिलहाल तो किसी प्रकार के नई गाड़ी संचालन की संभावना नहीं है। चुनाव परिणाम के बाद ही जनप्रतिनिधियों की पहल व जनता की मांग पर नई सवारी गाड़ी के संचालन के बारे में विचार किया जाएगा।
हिमांशू शेखर उपाध्याय, हेड पीआरओ उत्तर मध्य रेलवे