बस स्टैंड निर्माण की सुस्त रफ्तार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगर में बस स्टैंड निर्माण की सुस्त रफ्तार ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मंत्री की फटकार का भी कोई असर नहीं दिख रहा है। वहीं बसों के सड़क पर खड़ी होने से जाम की स्थिति हमेशा बनी रहती है। वहीं मुसाफिरों को भी धूप में खड़े होकर वाहनों का इंतजार की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि पिछले साल पांच करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ बस स्टैंड का निर्माण जुलाई माह तक पूरा होना था। पर, अभी 50 फीसदी भी काम पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से बसें सड़कों पर ही खड़ी होती हैं, इससे सर्कुलर रोड पर जाम के हालात बने रहते हैं। शिकायत के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लोग बताते हैं कि इसकी शिकायत परिवहन मंत्री से की गई थी। विभागीय मंत्री की फटकार के बाद भी कार्यदायी संस्था ने कोई तेजी नहीं दिखाई। इसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोग जाम में फंसकर घंटों परेशान होते हैं।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लोकेश राजपूत का कहना है कि मिट्टी की कमी के कारण निर्माण की गति धीमी हुई है। बारिश के दौरान मिट्टी नहीं मिल सकी थी। कहा कि शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने का पूरा प्रयास निगम प्रशासन कर रहा है।