मंडी समिति स्थित इफको केंद्र पर यूरिया लेने के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद
एटा। जिले में सोमवार को किसान खाद के लिए घने कोहरे में सहकारी समिति पर लाइन लगाने लगे। सुबह 11 बजे तक जब यूरिया खाद का वितरण नहीं हुआ तो पता चला कि समिति पर खाद ही नहीं है जिसके बाद किसान खाली हाथ बिना खाद लिए घर लौट गए।
अलीगंज रोड स्थिति नवीन गल्ला मंडी समिति में इफको केंद्र पर किसान खाद लेने के लिए सुबह 5 बजे से ही लाइन लगाना शुरू कर दिए। सुबह 11 बजे तक सैकड़ों किसान लाइन में लगकर खाद वितरण का इंतजार करने लगे। खाद का वितरण नहीं हुआ तो किसानों में बेचैनी हुई और खाद वितरण न होने का कारण पूछा गया।
करीब एक घंटे बाद 11 बजे इफको केंद्र के एक कर्मचारी ने बाहर आकर बोला कि खाद नहीं है। इसकी वजह से वितरण नहीं किया जा रहा है। इस दौरान किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने कहा कि ये बात पहले बता देते तो ठंड में लाइन में क्यों लगना पड़ता।