एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज बोर्ड परीक्षा परिणाम इस बार मई में जारी हो सकता है। 18 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो रहा है, जो कि बीते वर्ष की तुलना में करीब एक माह पहले है। वर्ष 2022 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम जून में आया था।
इस वर्ष उप्र बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से शुरू हुई थीं, जो चार मार्च को समाप्त हुईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू किया जाना है। इसके लिए परिषद से निर्देश मिल चुके हैं। पिछले वर्ष के आंकड़ों को देखें तो यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से 13 अप्रैल तक चलीं थी। 23 अप्रैल से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ था। वहीं दो माह के अंदर यानी 18 जून को परीक्षा परिणाम जारी किया गया।
इस बार बोर्ड परीक्षा एक माह पहले शुरू हो गईं। मूल्यांकन भी एक माह पहले शुरू होने जा रहा है। ऐसे में इस बार मई में परीक्षा परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।
18 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो रहा है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में मूल्यांकन का कार्य पूरा होने की संभावना है। परीक्षा समाप्ति के 40 दिनों के अंदर परिणाम आ सकता है। ऐसे में मई में इसके आने की संभावना है। -मिथलेश कुमार, डीआईओएस