जलेसर। अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव बोर्राखुर्द में अराजक तत्वों ने शिव मंदिर में मूर्तियों को खंडित कर दिया। इसे देख लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। सीओ ने निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया।
बोर्राखुर्द गांव के शिव मंदिर में मूर्तियों के खंडित मिलने पर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। धार्मिक भावनाएं आहत होने पर गांव के लोग आक्रोश में हैं। मंदिर में रोजाना नियमित पूजा अर्चना करने वाले गांव के नन्नूमल ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम 7.30 बजे वह आरती के लिए मंदिर पहुंचा। वहां शिव परिवार की सभी मूर्तियां खंडित मिलीं। शिवलिंग को भी उखाड़ने की कोशिश की गई। शिवलिंग भी खंडित हो गया। मंदिर में स्थापित कई देवी-देवताओं की मूर्तियों को उखाड़कर फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से वार्ता करते हुए सीओ ने शीघ्र घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। साथ ही गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। नन्नूमल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।