एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित गांव जिरसिमी नहर पुल पर कोहरे के चलते शनिवार की रात करीब नौ बजे कासगंज के जीजा-साले बाइक सहित गिर गए। रविवार की सुबह बाइक पानी से ऊपर आने पर पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई। तब पुलिस ने बाइक के नंबर से परिजनों से संपर्क किया। एक युवक का शव बरामद हो गया है दूसरी की तलाश जारी है।
जिला कासगंज थाना व कस्बा अमांपुर निवासी शिवा अपने चचेरे साले अश्वनी राजकपूर के साथ नहर में गिर गया। शिवा का शव नहर से बरामद हो गया है, जबकि अश्वनी राजकपूर निवासी कुरावली जिला मैनपुरी की तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि रविवार की शाम करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने नहर में बाइक पड़ी होने की सूचना दी थी, इसके बाद मौके पर पहुंचकर बाइक का नंबर ट्रेस किया गया और परिजनों से संपर्क किया। तब परिजनों ने बताया कि दोनों शनिवार की रात से लापता हैं।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों के साथ नहर में तलाशी अभियान चलाया तो बाइक से करीब 200 मीटर दूर शिवा का शव मिल गया। जब कि अश्वनी राजकपूर की तलाश की जा रही है। परिजनों ने बताया कि रात को कुरावली से दोनों बाइक से अमांपुर के लिए निकले थे। आशंकाएं जताई जा रही हैं कि नहर पर मोड़ है और कोहरा अधिक होने के चलते बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर दोनों गिर गए।