एटा। हादसों में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक हादसे में मृतक युवक के दो साथी भी घायल हुए हैं। दोनों को मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की सुबह भर्ती कराया गया था, यहां से दो को रेफर किया गया है। जबकि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। थाना पिलुआ क्षेत्र हाईवे स्थित गांव पुठिया के पास मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में आशीष कुमार (21) निवासी बक्सीपुर खास थाना सकीट की मौत हुई है, जबकि साथी निर्मल कुमार व अंशुल निवासीगण नाजरपुर थाना सकीट घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के कर्मचारियों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां कुछ समय इलाज चलने के बाद आशीष की मौत हो गई, जबकि निर्मल व अंशुल को परिजन एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए रेफर करा ले गए।
मृतक के भाई बौबी ने बताया कि निर्मल व अंशुल भाई को अपने साथ सोमवार की शाम करीब 6 बजे घर से लेकर आए थे। इसके बाद भाई के साथ क्या हुआ है, कुछ भी नहीं कहा जा सकता। हत्या की आशंकाएं जताई गई हैं। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत और दो घायल बताए जा रहे हैं। युवक के परिजन ने थाना आकर हादसे की सूचना दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।
वहीं थाना जलेसर क्षेत्र स्थित गांव ऊंचागांव के पास निर्माणाधीन नदी के पुल पर मजदूरी का कार्य कर रहा शाकिब (25) पुत्र शेर मोहम्मद निवासी भमैड़ा थाना बाबूगढ़ जिला हापुड़ की मिक्सर मशीन की चपेट में आने से मौत हुई है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि पुल का दिन रात काम चल रहा है, रात करीब 3 बजे मिक्सर मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हुई है। सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।