कोतवाली देहात क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर पुलिस व भीड़ ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत कासगंज रोड पर शुक्रवार को एक लोडर व ऑटो में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे ऑटो सवार एक महिला और एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
पोस्टमार्टम हाउस पर मारहरा कस्बा के मोहल्ला कटरा निवासी राजरानी ने बताया कि उसके 55 वर्षीय पिता अवधेश शुक्रवार को कोर्ट में तारीख के लिए आ रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। वहीं कस्बा के ही मोहल्ला शीशगिरान निवासी कमालुद्दीन ने बताया कि उनका जमीन का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। 70 वर्षीय मां शमा अफरोज इस मुकदमे की तारीख करने ऑटो से एटा जा रहीं थीं। हादसे में उनकी मौत हो गई।
वहीं ऑटो में सवार तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां से घायल निजी नर्सिंग होम चले गए। कोतवाली देहात प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि हादसे में दो की मौत हुई है। लोडर चालक मौके से भाग गया है। वाहन को पकड़ जब्त कर लिया गया है।
भाई की बची जान
मारहरा कस्बा के मोहल्ला कटरा निवासी जयंतीप्रसाद ने बताया कि उन्हें भाई अवधेश के साथ तारीख पर आना था। वह पांच मिनट पहले घर से निकले थे और एक अन्य ऑटो से चले आए। पांच मिनट बाद मैं घर से निकला तो दूसरे ऑटो से आया। कहा कि भाई ने कोर्ट में मिलने की बात कही थी।