एटा। अलीगंज क्षेत्र में कार के पेड़ से टकराने से कार में सवार किशोर की मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। वहीं सोमवार रात जलेसर क्षेत्र में पुलिया से टकराकर नाली में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज के मोहल्ला सिरौली खेड़ा निवासी रविकांत दीक्षित अपने पुत्र दिव्यांश (16), भाई कन्हैया, अनूप तिवारी और उनकी पत्नी ज्योति के साथ मंगलवार को थाना जैथरा के गांव सहोरी में अपनी रिश्तेदारी में कार में सवार होकर जा रहे थे।
थाना अलीगंज क्षेत्र के नगला बल्लभ के निकट दोपहर तकरीबन 12 बजे उनकी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में दिव्यांश उर्फ फैंसी (16) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रविकांत, कन्हैया, अनूप और ज्योति घायल हो गए। घायलों को अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर, थाना जलेसर क्षेत्र के गांव सराय नीम के पास पुलिया से टकराकर नाली में गिरने से सोमवार रात बाइक सवार अभिषेक भारद्वाज (26) पुत्र कुलदीप भारद्वाज निवासी थारकुरा थाना रामगढ़ जिला फिरोजाबाद की मौत हो गई। जानकारी पर परिजन पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अभिषेक देररात शमशाबाद हाथरस से घर लौट रहा था।
प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया है कि सराय नीम गांव के पास ही नाले की पुलिया बनी हुई है, इससे टकराकर युवक नाले में गिर गया और सिर में पत्थर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।